मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्योपुर जिले को दी 400 करोड़ की सौगातें
भोपाल| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में गरीबों के सम्मान और कल्याण के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। गरीबों के हित में सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में श्योपुर जिले के जनजातीय विकासखण्ड कराहल में प्रधानमंत्री आवास योजना में “सहरिया स्पेशल प्रोजेक्ट” का शुभारंभ किया गया है। इस प्रोजेक्ट में सहरिया समाज के 19 हज़ार 166 हितग्राहियों को 260 करोड़ रूपये के आवास स्वीकृत हुए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान कराहल में सहरिया विशेष प्रोजेक्ट के शुभारंभ और 150 करोड़ रूपये के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने की। मुख्यमंत्री श्री चौहान और केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर ने गिर गाय नस्ल सुधार परियोजना का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में “सहरिया स्पेशल प्रोजेक्ट” अद्भुत योजना है। आज सहरिया समाज के गरीब परिवारों के लिये आनन्द, प्रसन्नता और खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि 19 हजार 166 आवास बन जाने से सहरिया परिवारों की ज़िंदगी बदल जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान और माताओं-बहनों की सरकार है, जब तक इन सभी का उत्थान नहीं हो जाता, तब तक मैं शांत नहीं बैठूंगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार ने संकल्प लिया है कि हर गरीब को पक्का मकान दिया जाये। इसके लिये बजट में प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बनने वाले आवासों के लिये सीमेंट एवं अन्य सामग्री की व्यवस्था एक साथ की जाये, जिससे हितग्राही को कम दरों पर सामग्री मिल सके और उन्हें भटकना भी न पड़े। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर को व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो स्व-सहायता समूह ईंट निर्माण कर रहे हैं, उनसे ईंट खरीदी जाये, जिससे समूहों को भी लाभ मिले। इस कार्य में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
केंद्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने श्योपुर जिले को 400 करोड़ रुपये की सौंगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि यहाँ जनजातीय भाइयों को 19 हजार 166 आवास निर्माण की सौगात दी गई है। इस विशेष प्रोजेक्ट पर 260 करोड़ रूपए व्यय किये जायेंगे। यह राशि आवास हितग्राहियों के खाते में सीधी भेजी जायेगी। केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि देश में अभी तक 32 करोड़ आवास निर्माण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराये गये हैं। मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा आवास बने हैं। उन्होंने कहा कि श्योपुर जिले में ही सहरिया भील-भिलाला, कोरकू जनजाति परिवारों को 22 हजार से अधिक आवास स्वीकृत कर 21 हजार आवास बनाकर गृह प्रवेश करा दिया गया है। इसके बाद भी जनजातीय परिवारों की एक बड़ी संख्या आवासों से वंचित थी, जिन्हें विशेष प्रोजेक्ट के तहत आवास स्वीकृत किये गये हैं।
मुख्यमंत्री की घोषणाएँ
- श्योपुर जिले में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिये बजट में प्रावधान किया गया है।
- कराहल और ढोढर में कॉलेज निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराई जायेगी।
- मूझंरी डैम निर्माण की स्वीकृति देकर बजट प्रावधान किया गया है।
- विजयपुर क्षेत्र के चेटीखेड़ा डैम के निर्माण की स्वीकृति एक माह के अन्दर जारी कर दी जायेगी।
- गसवानी के 14 वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने की कार्यवाही की जायेगी।
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह और तीर्थ-दर्शन योजना पुनः शुरू की जायेगी।
प्रदेश के खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में विधायक,जन-प्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, हितग्राही और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।