नई दिल्ली| कोरोना का कहर झेल रही दुनिया में व्यापार से जुड़े महारथियों ने अपना लोहा मनवाया है। कोरोना वायरस से दुनियाभर की अर्थव्यवस्था को नुक्सान हुआ है, लेकिन दुनिया के कई अरबपतियों की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है। ‘हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021’ के अनुसार, रिलांयस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर और दुनिया के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अंबानी की संपत्ति में 24 फीसदी का इजाफा हुआ है। अंबानी की कुल संपत्ति 83 अरब डॉलर आंकी गई है।
भारत में मुकेश अंबानी 83 अरब डॉ़लर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर शख्स हैं। वैश्विक सूची में आठवें स्थान पर हैं। सूची में दूसरे स्थान पर गौतम अडाणी है। वे 32 अरब डॉ़लर की संपत्ति के साथ विश्व के सबसे अमीर लोगों की सूची में 48वें स्थान पर हैं। शिव नाडर 27 अरब डॉ़लर की संपत्ति के साथ भारत में तीसरे स्थान पर और वैश्विक सूची में ये 58वें स्थान पर हैं। आर्सेलर मित्तल समूह के लक्ष्मी एन मित्तल वैश्विक स्तर पर 104वें सबसे अमीर शख्स हैं, लेकिन भारत के चौथे सबसे अमीर उद्योगपति हैं। सीरम इंस्टिट्यूट के साइरस पूनावाला भारत के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। वे 18.5 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं।
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

हुरुन रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 328 फीसदी बढ़कर 197 अरब डॉलर हो गई है। सूची में दूसरे स्थान पर अमेजन के मालिक जेफ बेजोस की संपत्ति में 35 फीसदी बढ़ोतरी हुई है । बेजोस की कुल संपत्ति 189 अरब डॉलर आंकी गई है। इसके बाद 114 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ एलएमवीएच के बर्नार्ड ऑरनॉल्ट तीसरे स्थान पर हैं। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की संपत्ति 110 अरब डॉलर है और वे चौथे स्थान पर पहुंच गए। 101 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग दुनिया के पांचवें सबसे रईस शख्स हैं। उनकी संपत्ति में 20 फीसदी का इजाफा हुआ है।
प्रत्येक सप्ताह आठ नए लोग अरबपति
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 के 10वें संस्करण के अनुसार दुनिया में 2020 में प्रत्येक सप्ताह आठ नए लोग अरबपति बने हैं और एक साल में 421 नए अरबपति इस सूची में शामिल हुए हैं। दुनिया में अब कुल अरबपतियों की संख्या 3,288 हो गई है। ये 68 देशों की 2,402 कंपनियों में हैं। इस रिपोर्ट में 15 जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना काल में वर्ष 2020 के दौरान भारत में 40 उद्यमी अरबपतियों की सूची में जुड़ गए। इन्हें मिलाकर भारत के कुल 177 लोग अरबपतियों की सूची में शामिल हो गए।
हिमाचल प्रदेश के जय चौधरी दुनिया के अरबपतियों में

हिमाचल प्रदेश के रहने वाले जय चौधरी के गांव में कभी बिजली नहीं हुआ करती थी, वह पेड़ के नीचे पढ़ाई करते थे। 10वीं की पढ़ाई के लिए वह 4 किलोमीटर पैदल चल कर पड़ोस के गांव जाया करते थे। अब हुरून लिस्ट के अनुसार उनकी दौलत पिछले साल करीब 271 फीसदी बढ़ी है और 13 अरब डॉलर पर पहुंच चुकी है। 62 साल के जय चौधरी जो साइबर सिक्योरिटी फर्म जेड स्केलर के मालिक हैं। इस बार की हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 में जय चौधरी 577 स्थान ऊपर बढ़े हैं और दुनिया के टॉप अरबपतियों में पहुंच गए हैं। अब वह भारत के टॉप-10 अरबपतियों में से एक हैं। अभी उनके परिवार के पास नैसडैक में लिस्टेड जेड स्केलर के 45 फीसदी शेयर हैं। इस कंपनी की अभी की वैल्यू करीब 28 अरब डॉलर है। कोरोना काल में डिजिटल टेक्नोलॉजी को तेजी से अपनाए जाने की वजह से चौधरी के कंपनी को काफी मजबूती मिली। कोरोना काल में लोगों ने जूम जैसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऐप और नेटफ्लिक्स जैसे कंटेंट प्लेटफॉर्म का खूब इस्तेमाल किया। उनकी कंपनी के पास 5000 से भी अधिक ग्राहक हैं।