रोहित मिश्रा, ब्यूरो चीफ।
लखनऊ। भगवान राम की अयोध्या एक बार फिर जगमगाने लगी है। सजावट और रंगरोगन को देख कर लगता है मानों अयोध्या का पुराना वैभव लौट रहा है। 5 अगस्त के भूमिपूजन के पहले अयोध्या को मनमोहक स्वरुप देने की कोशिश की जा रही है।
पांच अगस्त को राम मंदिर के भूमि पूजन की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। प्रधानमंत्री राम मंदिर का भूमि पूजन करेंगे। इसके लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। इस दौरान कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उद्योगपति, केंद्रीय मंत्री के साथ राम मंदिर आंदोलनों से जुड़े नेता वहां मौजूद रहेंगे। इसके लिए अयोध्या को दुल्हन की सजाया जा रहा है। शनिवार रात समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया है। इसमें साफ दिख रहा है कि अयोध्या भूमि पूजन से पहले दिवाली की तरह जगमगा रही है। सरयू के घाट से लेकर पूरे शहर को सजाया गया है। अयोध्या में चारों तरफ दीए जल रहे हैं।
500 साल बाद आया यह शुभ मुहूर्त
सीएम योगी खुद अयोध्या में हो रही तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं, कोई कमी न रह जाए उसके ले लिए सीएम रविवार को अयोध्या का दौरे पर जा रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए योगी ने कहा कि रामलला की नगरी अयोध्या भूमि पूजन से पहले ही जगमग हो गई। सरयू घाट से लेकर पूरे शहर को सजा दिया है। चारों तरफ अयोध्या में दिए जल रहे हैं। साथ ही कहा भगवान श्री राम जब वनवास से अयोध्या लौटे थे तो यहां दिवाली मनाई गई थी। यह शुभ मुहूर्त 500 साल बाद आया है। इसलिए हमको कोई कमी नहीं छोड़नी है।